उपभोक्ता सुविधाएं व कर्मचारी हित यूपीसीएल की प्राथमिकता -एमडी
The post उपभोक्ता सुविधाएं व कर्मचारी हित यूपीसीएल की प्राथमिकता -एमडी appeared first on Avikal Uttarakhand.
देहरादून। ऊर्जा भवन स्थित यूपीसीएल के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित प्रेसवार्ता में उपभोक्ता सुविधाओं, स्मार्ट मीटर, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, विद्युत व्यवस्था और कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने मीडिया के सवालों के जवाब देते हुए निगम की गतिविधियों और उपभोक्ता हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
पीसी ध्यानी ने बताया कि आरडीएसएस योजना के तहत प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को बिजली की खपत और भुगतान संबंधी जानकारी अधिक पारदर्शी एवं सुविधाजनक तरीके से मिल सकेगी।
पुराने मीटर को स्मार्ट मीटर से बदलने पर उपभोक्ताओं से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। स्मार्ट और प्रीपेड मीटर का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं को निर्धारित छूट का लाभ भी मिलेगा।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने का कार्य तेजी से चल रहा है। प्रदेश में एक लाख से अधिक उपभोक्ताओं के घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं। इससे उपभोक्ताओं को स्वच्छ ऊर्जा के साथ बिजली बिल में भी राहत मिल रही है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से कई परिवारों का बिजली बिल शून्य तक हुआ है।
उन्होंने बताया कि आरडीएसएस के तहत विद्युत वितरण व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। इन कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध विद्युत सेवाएं मिल सकें।
यूपीसीएल की वित्तीय और परिचालन स्थिति पर ध्यानी ने बताया कि राजस्व संग्रह, बिजली हानि नियंत्रण और पावर परचेज मैनेजमेंट के क्षेत्र में निगम लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। उपलब्ध संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के साथ उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है।
प्रेसवार्ता में कर्मचारी हितों से जुड़े मामलों पर भी सवाल पूछे गए। प्रबंध निदेशक ने बताया कि एसीपी, पदोन्नति, पेंशन, नियमितीकरण और चिकित्सा प्रतिपूर्ति समेत विभिन्न प्रकरणों के निस्तारण को प्राथमिकता दी जा रही है। चिकित्सा प्रतिपूर्ति तथा अन्य कर्मचारी हितों से जुड़े मामलों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यूपीसीएल का उद्देश्य केवल वित्तीय और परिचालन उपलब्धियां हासिल करना नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं और कर्मचारियों को सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। निगम को आधुनिक, पारदर्शी और उपभोक्ता हितैषी बनाने के साथ कर्मचारी हितों से जुड़े मामलों के समयबद्ध निस्तारण के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
The post उपभोक्ता सुविधाएं व कर्मचारी हित यूपीसीएल की प्राथमिकता -एमडी appeared first on Avikal Uttarakhand.