Chamoli Cloudburst live: थराली में बादल फटने से मची भारी तबाही… एसडीएम आवास मलबे में दबा, दो लोग लापता

Uttrakhand Cloudburst in Tharali Chamoli live updates in Hindi: उत्तराखंड में एक बार भारी बारिश ने कहर बरपाया है। उत्तरकाशी में बादल फटने की घटना को अभी कुछ ही दिन हुए थे कि आज चमोली के थराली तहसील में देर रात बादल फटने की खबर सामने आ गई। क्षेत्र में काफी नुकसान होने की आशंका है। बादल फटने से काफी मलबा आया है, जिससे एसडीएम आवास समेत कई मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। चमोली के डीएम संदीप तिवारी ने यह जानकारी दी है।

जिला प्रशासन राहत व बचाव कार्य में जुटा
चमोली जनपद के थराली में आई आपदा में जिला प्रशासन राहत व बचाव कार्य में जुटा है। जिलाधिकारी संदीप तिवारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय लोगों से जानकारी ली। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस बल की टीमें राहत बचाव का कार्य कर रही हैं। हरमनी के पास मार्ग सुचारु कर दिया गया है। भारी बारिश को देखते हुए आज थराली, देवाल व नारायणबगड़ विकासखंड के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।

स्कूलों में भारी बारिश को देखते हुए अवकाश घोषित
वहीं, आज तीनों विकासखंडों थराली, देवाल और नारायणबगड़ के सभी स्कूलों में भारी बारिश को देखते हुए अवकाश घोषित कर दिया गया है।
पूर्व सीएम और सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी जताई अपनी संवेदना
चमोली जनपद के थराली में मध्यरात्रि में हुई आपदा पर पूर्व सीएम और वर्तमान सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपनी संवेदनाएं जताई है। सोशल मिडिया पर उन्होेंने लिखा कि इस आपदा से प्रभावित हमारें भाई बहनों के दु:ख में हम सब के साथ खड़े है। जिला प्रशासन और राहल बचाव टीमें पुरी तत्परता और मुस्तैदी से कार्य कर रही है। भगवान बदरीविशल सभी लोग को सकुशल रखें
20 वर्षीय लड़की की मलबे में दबे होने की सूचना, एक बुजुर्ग भी लापता
सागवाड़ा गांव में एक व्यक्ति के मलबे में दबने की सूचना है। जबकि इसी गांव में 20 वर्षीय लड़की की मलबे में दबे होने की जानकारी मिल रही है। सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम गौचर से घटना स्थल के लिए रवाना हो गई है।
थराली बाजार भी मलबे से पटा
मलबे से कई घरों को नुकसान हुआ है। थराली बाजार भी मलबे से पट गया है। कई वाहन मलबे के साथ बहकर सड़क से लोगों के घरों तक पहुंच गए हैं। थराली-सागवाड़ा मार्ग भी बंद है। थराली- ग्वालदम मार्ग मिंग्गदेरा में बंद है।
सीएम धामी ने जताया दुख
जनपद चमोली के थराली क्षेत्र में देर रात बादल फटने की दुःखद सूचना मिली। जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। इस सम्बन्ध में निरंतर स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं। और स्वयं स्थिति की गहन निगरानी कर रहा हूं। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।