Categories

August 7, 2026

HM 24×7 News

सब से तेज सब से आगे

हल्द्वानी में सीएम धामी की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक: आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से पुनर्निर्माण के निर्देश, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

Spread the love

हल्द्वानी :-20 सितंबर 2025 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हल्द्वानी के काठगोदाम सर्किट हाउस में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में नैनीताल जिले में हाल की आपदा से हुई क्षति, विद्युत, पेयजल और मोटर मार्गों की स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई। सीएम धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत और पुनर्निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग अपनी जिम्मेदारी तय करके समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करें।

बैठक में मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने आपदा से हुए नुकसान का ब्यौरा प्रस्तुत किया। नैनीताल जिले में लगभग 443 करोड़ रुपये की क्षति का आकलन किया गया है, जिसमें नैनीताल लोअर मॉल रोड का धंसाव, बागेश्वर में पुलों की क्षति, रानीबाग पावर हाउस की समस्या, ओखलकांडा और धारी ब्लॉक मार्गों के अवरोध तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर भूस्खलन जैसी प्रमुख चुनौतियां शामिल हैं। इस रिपोर्ट को केंद्र सरकार को भेज दिया गया है। सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार से प्राप्त पैकेज और राज्य के संसाधनों का उपयोग करके प्रभावित क्षेत्रों में युद्ध स्तर पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने मानसून के बाद सड़कों को सुचारू बनाने के लिए एनएच और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी में अंतर राज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) के निर्माण पर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि आईएसबीटी का निर्माण शीघ्र शुरू होगा और इसमें आ रही बाधाओं को दूर किया जा रहा है। यह हल्द्वानी की लंबे समय से लंबित मांग है, जिस पर सरकार गंभीरता से काम कर रही है। साथ ही, कैंचीधाम जाने वाले मार्ग पर जाम की समस्या को दूर करने के लिए भवाली बाईपास निर्माण में कमियों को तुरंत दूर करने के आदेश दिए गए।

सुशीला तिवारी अस्पताल के यूपीएनएल कर्मचारियों के लंबित वेतन के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। सीएम ने मुख्यमंत्री सचिव और कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत को वित्त विभाग से समन्वय करके शीघ्र समाधान निकालने के निर्देश दिए। इसके अलावा, मानसून के दौरान जलभराव से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा केंद्रों में सुविधाएं बढ़ाने और स्वास्थ्य शिविर लगाने का आदेश दिया। सिंचाई विभाग को जलाशयों की डी-सिल्टिंग की योजना तैयार करने को कहा गया।

एक माह के भीतर सभी सड़कों का पैचवर्क पूरा करने, जल निकायों से अतिक्रमण हटाने और उन्हें संरक्षित करने पर जोर दिया गया। नैनीताल-काठगोदाम राष्ट्रीय राजमार्ग की दुर्दशा पर जिलाधिकारी वंदना सिंह ने लोक निर्माण विभाग को नवीनीकरण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। रानीबाग क्षेत्र में गड्ढों को कंक्रीट से भरने का कार्य शुरू हो चुका है, जबकि बरसात के बाद पूरे हाईवे को गड्ढामुक्त बनाया जाएगा।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। इससे पहले, सीएम धामी ने गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में एशियन कैडेट कप फेंसिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ भी किया।

सीएम ने प्रेस वार्ता में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आरोप लगाना उनकी आदत है, लेकिन प्रमाण जरूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की और कहा कि वे गरीबों के लिए सबसे अधिक योजनाएं लाए हैं। राज्य सरकार प्रभावित जनता के साथ खड़ी है और हर कदम पर समन्वित प्रयास जारी रखेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *